भोपाल , मई 26 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शिवपुरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की खराब आर्थिक स्थिति और जमाकर्ताओं की परेशानियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
अजय सिंह ने कहा कि वर्षों से हजारों किसान, व्यापारी और मजदूर अपनी जमा पूंजी वापस पाने के लिए भटक रहे हैं, लेकिन शासन और प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता करार दिया।
उन्होंने कहा कि आंदोलनों को दबाने के बजाय स्थानीय प्रशासन को पीड़ित नागरिकों के साथ बैठकर समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक में जमा लोगों की गाढ़ी कमाई वर्षों से फंसी हुई है और सरकार इस मुद्दे पर मौन बनी हुई है।
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा के बड़े नेता करते हैं, वहां किसान, छोटे व्यापारी और मजदूर अपनी ही जमा राशि के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लोग बेटियों की शादी, इलाज और खेती के लिए अपनी बचत और सावधि जमा राशि निकालने के लिए वर्षों से चक्कर काट रहे हैं।
अजय सिंह ने कहा कि यदि बैंक में वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों और संचालक मंडल के खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने पूछा कि राज्य सरकार ने बैंक को पुनर्जीवित करने या जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिए अब तक कौन से ठोस कदम उठाए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि राज्य सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर शिवपुरी जिला सहकारी बैंक के लिए विशेष राहत पैकेज जारी करे, ताकि जमाकर्ताओं को उनकी राशि का भुगतान हो सके। साथ ही दोषी अधिकारियों और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों की संपत्तियां कुर्क कर जनता का पैसा वापस दिलाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित