ग्वालियर , जून 04 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी के पास विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के एक आरक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान अंकित तोमर (36) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में डीआरपी पुलिस लाइन में पदस्थ थे। उनका शव गुरुवार सुबह नवीन लोहा मंडी के निकट सुनसान क्षेत्र में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक दल मौके पर पहुंचा तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कंपू थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या और सड़क दुर्घटना, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मुरैना जिले के अंबाह-पोरसा क्षेत्र निवासी अंकित तोमर ग्वालियर के सिकंदर कंपू इलाके में रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले वह विभागीय डाक देने के लिए पोरसा जाने वाले थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह अपने गांव भी नहीं पहुंचे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
जांच में मृतक के शरीर पर घसीटे जाने और गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। उनके बाएं पैर का टखना बुरी तरह क्षतिग्रस्त था तथा घटनास्थल पर अधिक मात्रा में रक्त मिला है। पुलिस का मानना है कि अत्यधिक रक्तस्राव मौत का तत्काल कारण हो सकता है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या किसी दुर्घटना का।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित