शिवपुरी , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर का प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दोनों मंत्रियों ने मेडिकल कॉलेज के पास लगाए गए शिविर में पहुंचकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही उपचार सुविधाओं, दवाइयों तथा जांच व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने शिविर में मरीजों के पंजीयन, परीक्षण, दवा वितरण और आवागमन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। एक मरीज द्वारा जांच संबंधी शिकायत मिलने पर उसके निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
मंत्रियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर वहां रेफर किए गए मरीजों के उपचार की स्थिति की भी जानकारी ली और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से चर्चा की।
यह स्वास्थ्य शिविर स्वर्गीय माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन तथा जिला प्रशासन के सहयोग से 17 से 24 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों के मरीजों को देश के विभिन्न सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित