शिवपुरी , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग में पदस्थ एक पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने आज दोपहर दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार आरोपी पटवारी देवेंद्र जैन पर आरोप है कि उन्होंने भान सिंह धाकड़ से भूमि का नक्शा दुरुस्त करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में फरियादी ने लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद आज लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फरियादी से दो हजार रुपये लेते समय पटवारी को मौके पर ही दबोच लिया। लोकायुक्त दल द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित