शिवपुरी , अक्टूबर 11 -- नवरात्र के दौरान मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बाहर से लाए जाने वाले बड़े डीजे और तेज आवाज में संगीत बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे संचालकों और संबंधित आयोजकों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और गरबा नृत्य सहित अन्य धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। लोगों की सुविधा को देखते हुए आयोजकों से अत्यधिक तेज आवाज में डीजे नहीं बजाने को कहा गया है। इसके बावजूद बाहर से बड़े डीजे मंगवाकर तेज आवाज में बजाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
नवरात्र के दौरान माता मंदिरों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। शहर के कुछ व्यस्त मार्गों पर यातायात का मार्ग बदला गया है और वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
शिवपुरी में नवरात्र के अवसर पर बड़े पैमाने पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं और जगह-जगह झांकियां सजाई जाती हैं। इन आयोजनों में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित