शिवपुरी , सितंबर 02 -- केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को शिवपुरी में देश के सातवें डाक प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। करीब 91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र से मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के डाक कर्मियों को प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी।

श्री सिंधिया ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र बनने से ग्वालियर-चंबल संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों के डाक कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए दूरदराज के केंद्रों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में ही डाक प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने शिवपुरी के आधुनिकीकरण एवं जीर्णोद्धार के बाद प्रधान डाकघर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि डाकघर को आधुनिक एवं पूरी तरह कंप्यूटरीकृत बनाया गया है। यहां ग्राहकों के लिए टोकन व्यवस्था की गई है, जिससे अपनी बारी आने पर संबंधित काउंटर से तत्काल सेवा प्राप्त की जा सकेगी।

श्री सिंधिया ने बताया कि डाकघर में बड़ी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर प्रतीक्षा के दौरान शिवपुरी की ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं प्राकृतिक संपदा तथा विशिष्ट व्यक्तियों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि डाक ऐप के माध्यम से राशि जमा करने और निकालने सहित विभिन्न सेवाओं का ऑनलाइन लाभ मोबाइल फोन से लिया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर डाक विभाग और भारत संचार निगम लिमिटेड के आधुनिकीकरण तथा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में लाभ की स्थिति में पहुंचा है।

श्री सिंधिया ने अपने तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास के अंतिम दिन नवीन भाजपा जिला कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया। इस अवसर पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र, कोलारस विधायक महेंद्र यादव और पिछोर विधायक प्रीतम लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित