शिवपुरी , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर में भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहरा गया है। मणि खेड़ा बांध से होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले तीन दिनों से बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका द्वारा संचालित मणि खेड़ा बांध जल वर्धन योजना से पूरे शहर को पानी उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था में उपयोग हो रही तीनों विद्युत मोटरों के पुराने और बार-बार खराब होने के कारण जल सप्लाई प्रभावित हो गई है। नगर पालिका सूत्रों के अनुसार तीन मोटरों में से केवल एक मोटर ही आंशिक रूप से चालू है, जिससे सीमित मात्रा में पानी निचले क्षेत्रों की टंकियों तक ही पहुंच पा रहा है। पर्याप्त दबाव न होने के कारण ओवरहेड टंकियों में पानी नहीं भर पा रहा, जिससे अधिकांश इलाकों में सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है।

जलापूर्ति बंद होने के कारण लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर है, वे निजी टैंकरों के माध्यम से पानी खरीदकर जरूरत पूरी कर रहे हैं, जबकि आम नागरिकों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द मोटरों को बदलकर नियमित जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित