शिवपुरी , मई 02 -- मध्य प्रदेश के शिवपुरी में शनिवार दोपहर तेज बारिश के साथ आंधी चलने से जगह-जगह कुछ बड़े-बड़े पेड़ उखड़ कर गिर गए एवं कुछ स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी में तेज आंधी के साथ अचानक बारिश होने लगी, जिसके कारण शहर के मुख्य चौराहे के निकट एक विशाल पुराना वृक्ष मुख्य मार्ग पर गिर गया जिसके नीचे खड़े कुछ चार पहिए के ठेले क्षतिग्रस्त हो गए। शहर के ग्वालियर बायपास चौराहे के पास तथा इस चौराहे से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल छतरी को जाने वाली सड़क के पास कुछ वृक्ष उखड़ कर गिर गए।
इसके अलावा शहर में अनेक स्थानों पर पेड़ों की बड़ी-बड़ी डालियां आंधी चलने से टूटकर गिरी तथा अनेक स्थानों पर छाया के लिए डाले गए फाइबर एवं लोहे की चादर के शैड उड़ गए तथा अनेक स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित