शिवपुरी , सितंबर 19 -- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार रात कहा कि शिवपुरी शहर में सभी प्रकार के अवैध नशे का धंधा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री सिंधिया ने कलेक्टर कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को अवैध शराब बनाने और इसे खपाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लगे लोगों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाए और इस प्रकार के गलत काम में संलग्न लोगों की पूरी चेन तोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि शिवपुरी को अवैध नशे से मुक्त बनाने के बाद संपूर्ण जिले में भी इस प्रकार की कार्रवाई की जाए।
श्री सिंधिया ने जिला प्रशासन को जमीनों पर कब्जा करने वालों और इसका अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्रवाइयों में किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाएगा। यदि उनके साथ जुड़ा कोई व्यक्ति भी गलत काम में संलग्न पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि शिवपुरी जिले की बड़ी एवं मध्यम सिंचाई योजनाएं तेजी से पूर्ण होने की ओर अग्रसर हैं। इनके पूरा होने से जिले में सिंचाई का रकबा बढ़ेगा।
श्री सिंधिया ने बताया कि शिवपुरी का पोहरी रोड रेलवे ओवरब्रिज मई 2027 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार हजारों करोड़ रुपये के काम शिवपुरी शहर और जिले में तेजी से प्रगति कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता के बाद श्री सिंधिया शिवपुरी से ग्वालियर के लिए रवाना हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित