शिवपुरी , मई 10 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में ग्वालियर-देवास फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चार ब्लैक स्पॉट पर पिछले 18 माह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 लोग घायल हुए हैं।

यातायात पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से रविवार को शिवपुरी यातायात पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के संयुक्त दल ने शिवपुरी के खूबत घाटी से पिपरसमां चौराहे तक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड लगाने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने तथा कुछ ढाबा संचालकों द्वारा फोरलेन पर बनाए गए अवैध रास्तों को बंद कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों को मजबूत कर सड़क हादसों में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। संयुक्त दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित