मुंबई , अक्टूबर 19 -- महाराष्ट्र का राजनीतिक परिदृश्य इस दशहरे पर गरमा गया है और शिवसेना के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने राजनीतिक विरासत एवं जनसमर्थन को लेकर मुंबई में अपनी-अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर ली है।

प्रशासनिक अड़चनों और ध्वनि की तीव्रता पर सख्त सीमा तथा जमीन में कील ठोकने पर जमा राशि जब्त करने जैसी 24 कड़ी शर्तों के बावजूद उद्धव ठाकरे गुट को ऐतिहासिक शिवाजी पार्क (शिवतीर्थ) में रैली करने की अनुमति मिल गई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गुट ने गोरेगांव के नेस्को सेंटर में विशाल रैली आयोजित कर जवाबी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है।

शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के भावनात्मक बयानों और विरोधियों की ओर से लगाए जा रहे 'गद्दार' के आरोपों का मुकाबला करने की रणनीति के तहत एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने नेस्को की अपनी रैली को सूखा प्रभावित क्षेत्रों को समर्पित किया है। पारंपरिक राजनीतिक भाषणों से आगे बढ़ते हुए इस कार्यक्रम में 25,000 साइकिल और 25,000 सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी। इसके साथ ही 'भगवा खांद्यावर, शिवसैनिक बांध्यावर' जमीनी अभियान की शुरुआत की जाएगी। सत्तारूढ़ गुट क्षेत्रीय नीतियों और ऐतिहासिक वैचारिक समझौतों को लेकर विपक्ष पर निशाना साध सकता है।

शिवाजी पार्क की रैली को लेकर इस अटकल से भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे इसमें शामिल होकर संबोधित कर सकते हैं। यदि लंबे समय से अलग रहे दोनों चचेरे भाई एक मंच पर आते हैं, तो इसे सत्तारूढ़ गठबंधन के खिलाफ क्षेत्रीय ताकतों के नए समीकरण के संकेत के रूप में देखा जा सकता है। इससे विपक्षी खेमे पर सबकी निगाहें टिक जाएंगी।

बृहन्मुंबई नगर निगम के कड़े नियमों के अनुसार, 20 अक्टूबर को आयोजन स्थल का इस्तेमाल सुबह छह बजे से आधी रात तक ही किया जा सकेगा। पुलिस की निगरानी में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल रात 10 बजे तक बंद करना होगा।

नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रेशिमबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इजरायल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा बीड जिले में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित