बेंगलुरु , जुलाई 14 -- कर्नाटक में प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप परियोजना को लेकर राजनीतिक टकराव के बीच मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) पर राजनीतिक फायदे के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल करने तथा किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
श्री शिवकुमार ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां विकास की इस पहल को किसानों के खिलाफ कदम के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रही हैं, जबकि सरकार इस प्रोजेक्ट से प्रभावित ज़मीन मालिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, " भाजपा और जनता दल(एस) इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। वे राजनीतिक कारणों से किसानों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।" उन्होंने ज़ोर दिया कि सरकार टाउनशिप परियोजना को आगे बढ़ाते हुए किसानों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करेगी।
बेंगलुरु इलाके में शहरी विस्तार के एक बड़ी परियोजना के तौर पर प्लान किये गये बिदादी टाउनशिप प्रस्ताव को लेकर सत्तारुढ़ कांग्रेस और विपक्ष के भाजपा और जनता दल (एस) गठबंधन के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष ने सरकार पर हमले तेज़ कर दिए हैं। उनका आरोप है कि ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया से किसानों की आजीविका पर खतरा है और वे मांग कर रहे हैं कि आगे बढ़ने से पहले किसानों की चिंताओं का समाधान किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित