बेंगलुरु , जून 03 -- कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा से मुलाकात की।

कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने से कुछ घंटे पहले इन दिग्गज राजनेताओं से मुलाकात कर श्री शिवकुमार ने राजनीतिक सामंजस्य और निरंतरता का संदेश देने का प्रयास किया। लोक भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिये श्री येदियुरप्पा को आमंत्रित करने के बाद श्री शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक के विकास का मुद्दा दलीय सीमाओं से परे है और राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

श्री शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, "उन्होंने राज्य का मार्गदर्शन किया है, उन्होंने राज्य के लिये काम किया है और उन्होंने राज्य के लिये योगदान दिया है। हम सभी को मिलकर काम करना होगा।" कांग्रेस नेता ने जनता दल (सेक्युलर) के संरक्षक देवेगौड़ा से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया तथा कर्नाटक के राजनीतिक परिदृश्य में इस अनुभवी नेता की भूमिका के महत्व को रेखांकित किया।

इस संपर्क अभियान को शुरू करने से पहले श्री शिवकुमार ने अपने आधिकारिक आवास पर निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से मुलाकात की और उनके नेतृत्व के लिये उन्हें धन्यवाद दिया। उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले श्री जी परमेश्वर ने भी श्री सिद्दारमैया से मुलाकात की। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं को बधाई दी और उनके सफल होने की कामना की। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित