शिलांग , अप्रैल 12 -- मेघालय की राजधानी शिलांग में पुलिस ने वेश्यावृति में शामिल होने के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पूर्वी खासी हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख विवेक सिएम ने एक बयान में कहा कि शनिवार रात को पुलिस बाज़ार, प्रेस्बिटेरियन चर्च (पुलिस बाज़ार), आईजीपी पॉइंट और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगहों पर एक छापा मार कर यह कार्रवाई की गयी। श्री सिएम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मेघालय पुलिस अधिनियम की धारा 110 के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि राजधानी शहर में 29 मार्च को पुलिस द्वारा 'अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम' के तहत कई जगहों पर इसी तरह की एक कार्रवाई की गई थी। नागरिकों से कथित वेश्यावृत्ति की गतिविधियों के बारे में शिकायतें मिलने के बाद, इस कार्रवाई में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित