शिलांग , जुलाई 30 -- मेघालय में वकीलों की संस्था शिलांग बार एसोसिएशन ने एक महिला इंटर्न से छेड़छाड़ के आरोपी वकील को अपनी सदस्यता को निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही संस्था ने कुछ लोगों के आरोपी वकील से मारपीट करने और उसे बाजार में घुमाकर जलील करने की घटना की भी कड़े शब्दों में निंदा की है।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार एक कानून की एक छात्रा ने वकील पर केस बुक देने के बहाने कमरे में बुलाकर अश्लील हरकतें करने और मुंह बंद रखने के एवज में 500 रूपये की रिश्वत देने का गंभीर आरोप लगाया था। इस शिकायत पर मेघालय पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना के सामने आने के बाद 'हन्निएवट्रेप नेशनल यूथ फ्रंट' के कार्यकर्ताओं ने वकील के दफ्तर में घुसकर उसके साथ बदसलूकी की और उसे कान पकड़वाकर सड़क पर चलाते हुए सदर थाने तक ले गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एच.आर. नाथ और सचिव टी.एल. जिरवा ने कहा कि आरोपी वकील का यह आचरण पूरी तरह से अस्वीकार्य और पेशेवर नैतिकता के खिलाफ है। पुलिस जांच और राज्य बार काउंसिल की अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने तक उसकी सदस्यता निलंबित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित