अमृतसर , अक्टूबर 07 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों की विशेष बैठक मंगलवार को एसजीपीसी कार्यालय में हुई, जिसमें सिख संस्थाओं के खिलाफ तथ्यहीन प्रचार से सतर्क रहने और विद्यार्थियों को सिख इतिहास, गुरबाणी तथा सिख विरासत से जोड़ने के लिए नए प्रयास करने पर जोर दिया गया।
एसजीपीसी द्वारा बुधवार को यहां जारी बयान में बताया गया कि बैठक में सिख संस्थाओं और सिख सिद्धांतों के बारे में सोशल मीडिया पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने वाले प्रचार पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि बिना तथ्यों की पड़ताल किए ऐसे प्रचार का हिस्सा बनने के बजाय लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और सिख संस्थाओं को मजबूत करने में रचनात्मक भूमिका निभाई जानी चाहिए।
बीबी हरजिंदर कौर ने कहा कि संस्थाओं के बारे में एकतरफा या तथ्यहीन बयानबाजी का जवाब संयम और तथ्यों के साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों का एकजुट होकर जवाब देना जरूरी है। शिक्षा सचिव इंजीनियर सुखमिंदर सिंह ने कहा कि एसजीपीसी के शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने तथा कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने तलवंडी साबो और श्री फतेहगढ़ साहिब में विद्यार्थियों की मुफ्त पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निश्चय अकादमी की स्थापना का उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित