अमृतसर , दिसंबर 04 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शहीद बाबा गुरबख्श सिंह का शहीदी दिवस गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में श्रद्धापूर्वक मनाया।
श्री हरमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी परविंदरपाल सिंह ने शहीद बाबा गुरबख्श सिंह जी के जीवन-चरित्र पर संगत के साथ अपने विचार साझा करते हुए कहा कि जब भी सरकारों ने श्री अकाल तख्त साहिब पर हमला किया, सिख योद्धाओं ने हमेशा बहादुरी से उनका मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि अहमद शाह अब्दाली के हमले के दौरान, शहीद बाबा गुरबख्श सिंह के नेतृत्व में सिंहों ने बहादुरी से मुकाबला किया और सचखंड श्री हरमंदिर साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब की पवित्रता बनाए रखने के लिए शहादत दी। उन्होंने संगत से शहीद बाबा गुरबख्श सिंह के जीवन-चरित्र से प्रेरणा लेने की अपील की।
इसके साथ ही, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भगत सैन जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस संबंध में गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब के दीवान हॉल में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग रखा गया, जिसके बाद सचखंड श्री हरमंदिर साहिब जी के हजूरी रागी भाई हरपाल सिंह के जत्थे ने गुरबानी कीर्तन किया। अरदास भाई सुखदेव सिंह ने की और संगत को हुकमनामा कथावाचक भाई हरमितर सिंह ने निहाल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित