अमृतसर , फरवरी 24 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से पंचम पातशाह श्री गुरु अर्जुन देव के शहीदी पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुधामों की यात्रा के लिए भेजे जाने वाले जत्थे के लिए संगत से पासपोर्ट की मांग की गयी है। यह जत्था जून 2026 में पाकिस्तान भेजा जाना है, जिसके संबंध में शिरोमणि कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया आरंभ की गयी है।

शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह ने मंगलवार को बताया कि श्रद्धालु अपने पासपोर्ट पांच मार्च 2026 तक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अमृतसर स्थित कार्यालय में भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि जत्थे में जाने के इच्छुक श्रद्धालु अपने पासपोर्ट के साथ शिरोमणि कमेटी सदस्य की सिफारिश सहित अपना पहचान पत्र भी जमा करवायें। पहचान पत्र के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड या वोटर कार्ड की प्रति दी जा सकती है।

श्री सिंह ने कहा कि श्रद्धालु अपने पासपोर्ट समय पर जमा करवाएं, ताकि उन्हें अगली कार्रवाई के लिए भेजा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित