चंडीगढ़ , जनवरी 24 -- शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को घोषणा की है कि वह फरवरी महीने से राज्य के सभी विधानसभा हलकों में रैलियों की एक श्रृंखला आयोजित करेगा ताकि लोगों को राज्य के विकास में पार्टी द्वारा निभायी गयी ऐतिहासिक भूमिका के साथ-साथ 2027 में सरकार बनने के बाद राज्यके लिए उसके दृष्टिकोण के बारे में बताया जा सके।
पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि अकाली दल आम आदमी पार्टी सरकार की पंजाब विरोधी नीतियों और फैसलों के खिलाफ जन आंदोलन भी शुरू किया जाएगा। बैठक में 10 फरवरी तक पूरे संगठनात्मक ढ़ांचे को पूरा करने का निर्णय लिया गया है। यह भी तय किया गया कि बूथ स्तर कमेटियों का गठन और यूथ अकाली दल, स्त्री अकाली दल, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और व्यापार विंग का गठन तब तक पूरा कर लिया जाएगा। हाल ही में हुए ब्लॉक कमेटी और जिला परिषद चुनावों में अहम भूमिका निभाने वाले सभी नेताओं को संगठनात्मक ढ़ांचे में महत्वपूर्ण स्थान दिया जाने का भी फैसला लिया गया है।
डाॅ चीमा ने कहा कि बैठक में पंचायतों पर ट्यूबवेल निगम के बकाया बिलों का भुगतान करने के लिए दबाव डालने के तरीके पर कड़ी आपत्ति जतायी गयी। उन्होंने कहा कि पंचायतों को केंद्र से उनके गांवों के विकास के लिए प्राप्त धन से बिलों का भुगतान करने का आदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा,''हम उन सभी पंचायतों का समर्थन करते हैं, जो इन गैरकानूनी आदेशों को विरोध कर रही हैं, क्योंकि सड़कों, स्वच्छता, पेयजल और स्ट्रीट लाइट के लिए निर्धारित केंद्रीय फंडों का उपयोग जल आपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए नही किया जा सकता।''बैठक में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा शुरू की गयी सेहत बीमा योजना के नाम पर पंजाबियों के साथ हो रहे धोखे पर भी संज्ञान लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं करके प्रचार के हथकंडे अपना रही है, जबकि उसके पास इन चिकित्सा बीमा योजना को लागू करने के लिए कोई पैसा नहीं है। डाॅ चीमा ने कहा कि इस योजना का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल करने के लिए डेटा एकत्र करने की एक चाल के रूप में किया जा रहा है।
बैठक में पटना साहिब गुरुद्वारा बोर्ड के आगामी चुनावों के लिए आठ फीसदी गैर-सिख मतदाताओं के पंजीकरण के तरीके की भी निंदा की गयी। दिल्ली की आप नेता आतिशी द्वारा गुरु साहिबान के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी की स्वतंत्र जांच की मांग भी की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित