चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से युवा अकाली दल की नयी कार्यकारिणी का गठन किया है।

पार्टी के महासचिव गुरप्रताप सिंह वडाला ने शुक्रवार को प्रेस बयान जारी कर बताया कि पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह के निर्देश पर युवा विंग का संगठन घोषित किया गया है। नवगठित टीम अगले 15 दिनों के भीतर राज्य, जिला और बूथ स्तर तक युवा अकाली दल का संगठन खड़ा करेगी। उन्होंने बताया कि सरदार गुरजीत सिंह तलवंडी को युवा अकाली दल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वडाला के अनुसार, गुरजीत सिंह तलवंडी का परिवार लंबे समय से अकाली राजनीति से जुड़ा रहा है। वह शिरोमणि अकाली दल और एसजीपीसी के पूर्व अध्यक्ष जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी तथा पूर्व मंत्री एवं एसजीपीसी सदस्य सरदार रणधीर सिंह चीमा के पौत्र हैं।

श्री वडाला ने कहा कि गुरजीत सिंह तलवंडी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कानून की पढ़ाई के साथ-साथ लंदन विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक संबंधों में एम.ए. किया है। उनकी संगठनात्मक पृष्ठभूमि और शैक्षणिक योग्यता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें युवा विंग को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

नयी कार्यकारिणी में एडवोकेट सुरतेज सिंह बस्सी को महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्षों में जतिंदर सिंह पहारीपुर, गुरसेवक सिंह मन्याना, चरणजीत सिंह मावी, नविंदरप्रीत सिंह लोंगोवाल और वरिंदर सिंह चहल को शामिल किया गया है। इसके अलावा गुरजीत सिंह सोना (निहाल सिंह वाला), रविंदर सिंह शाहपुर, सतनाम सिंह सत्ता, अमित सेठी बलाचौर और सतिंदर सिंह रियार को महासचिव नियुक्त किया गया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नवगठित टीम पंजाब भर में दौरा कर युवाओं को पार्टी से जोड़ेगी और वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में राज्य एवं जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित