रायबरेली , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सोमवार को ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर शिया समुदाय के लोगों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की कथित हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। बोर्ड से जुड़े सैय्यद अलमदार नकवी ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल द्वारा रमजान के महीने में एक षड्यंत्र के तहत अयातुल्ला खामेनेई की क्रूर हत्या की गई, जिसके विरोध में जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए इस घटना को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया।
जुलूस से पूर्व शहवार काज़िमी, इमाम जुमा वल जमात मौलाना कम्बर अली रिजवी तथा मोहिसिन हुसैन समेत अन्य वक्ताओं ने घटना की निंदा की। अलमदार नकवी ने दावा किया कि जुलूस में शिया समुदाय के साथ अन्य समुदायों के लोग भी शामिल हुए।
प्रशासन की निगरानी में जुलूस अहमद नगर टाउन हॉल से प्रारंभ होकर जिलाधिकारी आवास तक पहुंचा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल रहे। प्रतिभागियों ने नारेबाजी की और अयातुल्ला खामेनेई के पोस्टर भी प्रदर्शित किए। इस संबंध में प्रशासन की ओर से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित