शिमला , अक्टूबर 31 -- हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले शनिवार सुबह एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया जिससे मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा तिक्कर तहसील के नवार क्षेत्र में दरोटी संपर्क मार्ग पर पन्नू नाला के पास तब हुआ, जब वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन खाई में जा गिरा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन में खेतिहर मजदूर सवार थे। उनको घास काटने के काम के लिए एक गांव ले जाया जा रहा था।

मृतकों की पहचान दरोटी गांव निवासी कुशल (पुत्र प्रमोद) और उनकी मां कल्पना देवी (पत्नी प्रमोद) के रूप में हुई है। इनके अलावा हादसे में जान गंवाने वाली तीन महिलाएं निर्मला (पत्नी पवन), मीना (पत्नी प्रेम) और रोशनी (पुत्री प्रेम) नेपाली मूल की नागरिक थीं।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रेम नामक व्यक्ति को पहले तिक्कर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव अभियान शुरू किया और शवों को खाई से बाहर निकालकर विधिक प्रक्रियाओं के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

तिक्कर की तहसीलदार प्रियांजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 15,000-15,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है तथा सरकारी मानदंडों के अनुसार आगे की राहत दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित