भोपाल , अक्टूबर 05 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका पर छात्रों से घर के काम कराने, फेल करने की धमकी देने और प्रोजेक्ट के नाम पर रुपए मांगने के आरोपों के बाद विद्यार्थियों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने शिक्षिका बबीता कुशवाह का बागरोदा हायर सेकंडरी स्कूल तबादला कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराई।

मामला मिसरोद के नवीन हायर सेकंडरी स्कूल का है, जहां सोमवार को 11वीं गणित और जीव विज्ञान के विद्यार्थियों ने शिक्षिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का आरोप है कि बबीता कुशवाह फेल करने की धमकी देकर उनसे बेंच जमाने, सफाई कराने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराती हैं। विद्यार्थियों के अनुसार, यूपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं के दौरान उन्हें रविवार को भी स्कूल बुलाया जाता है।

विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने तीन अक्टूबर को प्राचार्य को लिखित शिकायत भी दी थी। इसमें शिक्षिका पर हर महीने प्रोजेक्ट के नाम पर 2500-2500 रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि रुपए नहीं देने पर दबाव बनाया जाता है और इसी कारण कुछ विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय छोड़ दिया। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने शिक्षिका पर कक्षा में पढ़ाने के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहने तथा सीनियर छात्रों को लोहे के पाइप से पीटने का भी आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षिका से एक छात्र की बातचीत का ऑडियो भी सुनाया। इसमें पास-फेल कराने, अभिभावकों से बातचीत और रुपए खर्च होने जैसी बातें होने का दावा किया गया। हालांकि ऑडियो में आवाज किसकी है और बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिक्षिका बबीता कुशवाह ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह वर्ष 1999 से अध्यापन कर रही हैं और करीब 30 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने कहा कि अच्छे परिणाम के लिए वह सख्ती करती हैं। पैसे लेकर पास कराने या फेल करने का आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि बच्चों से सफाई नहीं कराई जाती, बल्कि उन्हें बैग साफ रखने के लिए कपड़ा रखने को कहा जाता है। प्रायोगिक कार्य के दौरान उपकरणों को व्यवस्थित करना और साफ करना सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है।

सूचना मिलने पर मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय मौके पर पहुंचे और प्राचार्य के साथ विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया। विद्यार्थियों ने शिक्षिका को हटाए जाने के बाद ही प्रदर्शन समाप्त करने की बात कही। इसके बाद शिक्षिका का तबादला किए जाने और विभागीय जांच शुरू होने पर करीब चार घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने कहा कि बच्चों की शिकायत के आधार पर बबीता कुशवाह का बागरोदा हायर सेकंडरी स्कूल तबादला किया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित