सूरजपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके पुत्र सुजल बरेठ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आज शिक्षक संगठनों ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ और छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर घटना की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिक्षक संगठनों ने ज्ञापन में कहा कि घटना को लेकर समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के बाद विभिन्न आशंकाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच आवश्यक है, ताकि घटना से जुड़े वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और मौत के कारणों का खुलासा हो सके।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षिका और उनके पुत्र की मौत से शिक्षक समुदाय में शोक व्याप्त है। साथ ही इस घटना ने शिक्षकों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

दोनों शिक्षक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठनों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित