चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और विकास राज्य सरकार का मुख्य विजन है।
श्री बेदी ने कहा कि शिक्षा के संसाधनों का ग्रामीण आंचल तक विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। वह रविवार को नरवाना के गांव हरनामपुरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फिरनी से दादा खेड़ा तक एचआरडीएफ के तहत 12 लाख रुपये से बनी गली का उद्घाटन किया। लोन माइनर से गांव में पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाने की घोषणा की। इस पर करीब 18 लाख रुपये खर्च होंगे। दादा खेड़ा प्रांगण में 18 लाख 50 हजार रुपये की लागत से शेड निर्माण और ग्राम पंचायत की मांग पर गांव में छह गलियों के निर्माण की बात भी कही।
मंत्री ने कहा कि गांव, गरीब और किसान का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। गांव दर गांव पक्की सड़कें बनाई जा रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास एक दूसरे के पूरक हैं। प्रदेश में शांति व्यवस्था पर पूरी संजीदगी बरती जा रही है। अपराध और अपराधी के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तेल बचत और वर्क फ्रॉम होम के संदेश पर उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के मद्देनजर यह वर्तमान की जरूरत है। आमजन भ्रामक प्रचार में न आएं। सरकार संसाधनों के उचित रखरखाव पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने ने दादा खेड़ा पर लगे भंडारे में शिरकत की और गांव की मंगलकामना के लिए माथा टेका। रेस्ट हाउस में सम्मान कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा राष्ट्र की धरोहर हैं। हाल ही में दसवीं व बारहवीं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट स्थान पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित