जौनपुर , मार्च 7 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने शनिवार को कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है और शिक्षित समाज ही देश को मजबूत बना सकता है।

जिले के बदलापुर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी में 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेलकूद सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद मनोज तिवारी, विशिष्ट अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा कि जौनपुर की धरती पर आकर उन्हें विशेष खुशी होती है, क्योंकि इसी पावन भूमि से उन्हें नई पहचान मिली थी। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, आने वाला समाज उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया और पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी सराहना की।

पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर प्रतिभाओं से भरा हुआ जिला है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं, उनके अभिभावकों और गुरुओं को बधाई दी।

बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं और शासन की ओर से बच्चों को बैग, जूते, मोजे और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय के पूर्व छात्र सतीश तिवारी द्वारा 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेलकूद सामग्री वितरण का कार्य सराहनीय पहल है।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कविता के माध्यम से उपस्थित बच्चों और अभिभावकों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री और खेलकूद से जुड़ी वस्तुएं वितरित की गईं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिद्धार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित