जालंधर , मार्च 18 -- पंजाब में जालंधर के अतिरिक्त उपायुक्त (ज) अमनिंदर कौर ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शिक्षा संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सरकार ने व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति शिक्षा संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने डी.ई.ओ. (एलिमेंटरी), डी.ई.ओ. (सेकेंडरी) को शिक्षा संस्थानों और सिविल सर्जन को जिले में चल रहे अस्पतालों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए हिदायत दी कि यह अधिकारी शिक्षा संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों संबंधी अपनी मांग गैस कंपनियों को रोजाना देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि जिला कंट्रोलर, खुराक एवं सिविल सप्लाई इनकी मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपनी मांग संबंधित जिला कंट्रोलर, खुराक एवं सिविल सप्लाई को रोजाना सूचित करेंगे और जिला कंट्रोलर व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग संबंधी संबंधित गैस एजेंसियों के साथ तालमेल करते हुए इसकी पूर्ति करवाना सुनिश्चित करेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिनों बाद (पहले सिलेंडर की डिलीवरी होने के बाद) होगी, इसलिए सभी गैस उपभोक्ता गैस की बुकिंग सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी अपील की कि जिस इलाके में उपभोक्ताओं को पी.एन.जी. के माध्यम से गैस की आपूर्ति हो रही है, वे पी.एन.जी. गैस का ही उपयोग करें और मौजूदा हालात को देखते हुए गैस सिलेंडरों की बुकिंग न करवाए ताकि यह सिलेंडर जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर मिल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित