बैतूल , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनभागीदारी से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में माध्यमिक शाला कन्या आश्रम पाढर में शिक्षकों ने पहल करते हुए स्कूल भवन में पंखे और ट्यूबलाइट लगवाए हैं।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर संचालित अभियान का उद्देश्य स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। अभियान के तहत डेस्क-बेंच, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, ई-लर्निंग उपकरण, क्रियाशील शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं जनसहभागिता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विद्यालयों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यकताओं का आकलन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कन्या आश्रम पाढर में पर्याप्त रोशनी और पंखों की आवश्यकता सामने आई थी। इसके बाद शिक्षकों ने स्वयं पहल करते हुए स्कूल भवन में पंखे और ट्यूबलाइट लगवाए।

इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से कक्षाओं में विद्यार्थियों को बेहतर प्रकाश और वेंटिलेशन मिल सकेगा। प्रशासन का कहना है कि शिक्षा संजीवनी अभियान केवल सरकारी प्रयास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास के विद्यालयों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग करें। शिक्षक, पालक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मिलकर स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में सहभागिता निभाएं। प्रशासन के अनुसार सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित