पटना , सितंबर 09 -- बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) से बाढ़ प्रभावित विद्यालय भवनों और वहां हुए नुकसान का आकलन कर समेकित एवं अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि राहत शिविरों में भी बच्चों की पढ़ाई जारी रखी जाये।
शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विभाग के विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में बाढ़ से प्रभावित विद्यालयों की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्री कुमार ने कहा कि बाढ़ के कारण जिन विद्यालयों में पठन-पाठन बंद है और वहां नामांकित बच्चे राहत शिविरों में रह रहे हैं, उन विद्यालयों के शिक्षकों को तत्काल संबंधित राहत शिविरों में पढ़ाने के लिए प्रतिनियुक्त किया जाए। विशेष सचिव ने कहा कि बाढ़ की स्थिति के कारण बच्चों की पढ़ाई किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होनी चाहिए।
श्री कुमार ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को बाढ़ से विद्यालय भवनों, शैक्षणिक सामग्री और अन्य संसाधनों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित विद्यालयों से संबंधित सभी आंकड़े स्पष्ट और अद्यतन रूप में उपलब्ध कराये जाएं, जिससे बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का सही आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित