पटना , जुलाई 29 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल के बाद शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को राज्य के सरकारी भूमिहीन एवं भवनहीन विद्यालयों की अद्यतन सूची 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

निदेशक, प्राथमिक शिक्षा कुमार निशांत विवेक ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेज कर ऐसे प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की समेकित सूची मांगी है। ऐसे विद्यालयों की सूची निर्धारित प्रारूप में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी दोनों माध्यमों से शिक्षा विभाग को भेजनी होगी।

यह जानकारी राज्य के भूमिहीन व भवनहीन विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का अद्यतन आकलन करने तथा भविष्य में आधारभूत संरचना के विकास एवं आवश्यक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मांगी गई है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचनाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित