देवास , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में शिक्षा विभाग के एक आदेश के बाद देवास जिले में कलेक्टर कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का कामकाज प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। आदेश के तहत प्रतिनियुक्ति (अटैचमेंट) पर कार्यरत शिक्षकों को मूल पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में रिक्त पदों के कारण वर्षों से शिक्षकों सहित अन्य कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति कर कार्य कराया जा रहा था। शिक्षा विभाग के हालिया आदेश के बाद ऐसे शिक्षकों को कार्यमुक्त किए जाने से कलेक्टर कार्यालय, शिक्षा विभाग तथा कम शिक्षक अथवा शिक्षकविहीन विद्यालयों की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं।

बताया गया कि करीब एक माह पहले शिक्षकों के स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव मानवीय आधार पर प्रभारी मंत्री के माध्यम से शासन को भेजे गए थे, लेकिन अब तक स्थानांतरण आदेश जारी नहीं हुए हैं। इस संबंध में जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई, लेकिन कोई निर्णय नहीं हो सका। आदेश के प्रभावी होने के बाद प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत शिक्षकों के कार्यमुक्त होने से कई शासकीय कार्यालयों में प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की सूचना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित