पटना , सितंबर 09 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शिक्षा शामिल है और इसे नई दिशा देने तथा राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

श्री तिवारी ने यहां नेक संवाद में आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 168 टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विशेष सहयोग के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त और कहा कि उन्होंने बिहार की प्रतिभाओं को पंख देने का काम किया है। अंत्योदय परिवारों के बच्चों के लिए यह शिक्षा के सूर्योदय का समय है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने शिक्षा विभाग का पदभार संभाला था, तब विभिन्न प्रकार के आवेदनों का अंबार लगा हुआ था। अब इन आवेदनों की संख्या तेजी से कम हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग में प्राप्त आवेदनों का निपटारा अधिकतम 30 दिनों के भीतर करने की दिशा में प्रभावी ढंग से काम किया जा रहा है।

श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग के लिए जो प्राथमिकताएं तय की जा रही हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने और विभागीय व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित