दरभंगा , जुलाई 30 -- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (आरवाईए) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) के संयुक्त आह्वान पर गुरुवार को दरभंगा में 'संकल्प दिवस' मनाते हुए शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में कथित भ्रष्टाचार, पेपर लीक और छात्र-युवा आंदोलनों पर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया गया।कार्यकर्ताओं ने पोलो मैदान, लहेरियासराय से टावर चौक तक मार्च निकाला, जो बाद में सभा में परिवर्तित हो गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं गंभीर समस्या का रूप ले चुकी हैं तथा इन्हें रोकने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन करने वाले छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज, मुकदमे और गिरफ्तारियों के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्र-युवा आंदोलनों से जुड़े सभी कथित झूठे मुकदमे वापस लेने, गिरफ्तार आंदोलनकारियों को बिना शर्त रिहा करने तथा पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सभा में पारदर्शी एवं जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने, छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा शिक्षा और रोजगार के सवालों पर संघर्ष को व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया।

मार्च और सभा में भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य नेयाज अहमद, आरवाईए के राज्य उपाध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी, अभिषेक कुमार, शनिचरी देवी, पप्पू खान, हरि पासवान, विनोद सिंह, अवधेश सिंह, पप्पू पासवान, उमेश साह, जिला परिषद सदस्य सुमित्रा देवी, प्रवीण यादव, मोहम्मद जमालुद्दीन, केशरी यादव, रंजीत राम, ओणम, कमरे आलम, अमरजीत पासवान, इन्द्रजीत राम, आइसा नेता प्रिंस राज सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित