गोपालगंज,08जुलाई(वार्ता)बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, शैक्षणिक व्यवस्थाओं में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की जवाबदेही तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षण वातावरण विकसित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हों, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

बैठक में विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, छात्र-छात्राओं के नामांकन, उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने, नियमित निरीक्षण करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की मंशा के अनुरूप बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी जिले की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखे।

समीक्षा के दौरान विद्यालयों में संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

इस अवसर पर विधायक सुभाष सिंह, जिला पदाधिकारी समीर सौरभ , उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पाण्डेय सहित शिक्षा विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित