चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा के समग्र विकास, सड़क अवसंरचना और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में शिक्षा मंत्री ने प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और राजमार्गों की बेहतर कनेक्टिविटी पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क और आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है, जिससे हरियाणा में भी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के विस्तार के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हुई है।

महीपाल ढांडा ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक विद्यार्थियों की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क आवश्यक है। बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास यातायात सुरक्षा उपायों और संपर्क मार्गों को सुदृढ़ बनाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित