अमृतसर , फरवरी 20 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झीता कलां का अचानक निरीक्षण किया।
शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि उन्होंने पद संभालने के बाद अब तक राज्य के दो हजार से अधिक सरकारी स्कूलों का जमीनी स्तर पर दौरा करके नया रिकॉर्ड कायम किया है। यह पंजाब के इतिहास में पहली बार है जब किसी शिक्षा मंत्री ने शिक्षा प्रणाली की इतने बड़े स्तर पर जमीनी स्तर पर समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम के तहत पठानकोट से फाजिल्का, फिरोजपुर से मोहाली तक सभी जिलों के स्कूलों का निरीक्षण किया गया है।
स्टाफ और विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल में शिक्षा और प्रबंधन के मानकों की समीक्षा की और 'समर्थ' कार्यक्रम की प्रगति का मूल्यांकन भी किया, जो प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ाई-लिखाई से संबंधित समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शुरू की गई एक प्रमुख पहल है।
श्री बैंस ने कहा कि 'समर्थ' कार्यक्रम के माध्यम से हमने ऐसे बच्चों की पहचान करके उन पर काम किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी तरह पढ़ाने वाले शिक्षक शानदार परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली किसी भी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले सभी सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कैंपस मैनेजर और सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित