समस्तीपुर , जुलाई 25 -- भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक अबू तनवीर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े को देशभर के छात्रों के संघर्ष, एकजुटता और लोकतांत्रिक आवाज़ की जीत बताया है।श्री तनवीर ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लंबे समय से छात्र पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ देशव्यापीआंदोलन कर रहे थे।उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के लिए पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया और दमनात्मक कार्रवाई की गई। लेकिन छात्रों ने अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया।

श्री तनवीर ने कहा कि छात्रों का आन्दोलन एवं एकजुटता से केन्द्र सरकार को अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी पड़ी।उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफ़ा नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों की जीत है जिन्होंने अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि पेपर लीक की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई करे, दोषियों को कड़ी सजा दिलाए और ऐसी पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे।उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को लगातार जवाबदेह बनाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित