हैदराबाद , जून 03 -- भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने तेलंगाना के अचमपेट में परीक्षा घोटालों और पेपर लीक के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार विरोध प्रदर्शन के दाैरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका पुतला दहन किया। श्री चिब ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते कहा कि देश की प्रमुख परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट, सीयूईटी, सीबीएसई और एससी जैसी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।

उन्होंने कहा, "नीट से लेकर सीबीएसई से लेकर एसएससी तक, लगभग हर परीक्षा विवादों में घिरी हुई है। छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। जब तक इस पूरे मामले में दोषियों की जवाबदेही तय नहीं होती और उन्हें कड़ी सज़ा नहीं मिलती, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।"श्री चिब ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और परीक्षा घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्री प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन देशभर में अपना आंदोलन और तेज करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित