मैनपुरी , जून 16 -- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" विषयक प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने मंगलवार को कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, विचार और व्यक्तित्व का भी निर्माण करते हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मिशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन और प्रोजेक्ट अलंकार जैसी योजनाओं के माध्यम से विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया है तथा स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, आईसीटी लैब और व्यावसायिक शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब शिक्षक पूर्ण समर्पण के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के लिए आदर्श प्रस्तुत करने और विद्यालय परिसरों को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने माध्यमिक शिक्षा तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग में हुए सुधारों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित