शिवहर , नवम्बर 01 -- बिहार के शिवहर जिले के भवडीहा विद्यालय में कार्यरत शिक्षक नरेश राम को रविवार को पटना में आयोजित भव्य समारोह में 'आदर्श शिक्षक सम्मान-2026' से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे शिवहर जिले का गौरव बढ़ा है। सम्मान मिलने की खबर से जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।
पटना में आयोजित 'शिक्षक : भविष्य के निर्माता-2026' कार्यक्रम के अंतर्गत 'सम्मान, समर्पण और गौरव' समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिवहर जिले से चयनित शिक्षक नरेश राम को गणित के प्रख्यात रचनाकार डॉ. के.सी. सिन्हा, चर्चित शिक्षाविद् गुरु रहमान, बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय एवं सारण के विधान परिषद सदस्य के कर-कमलों द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक नरेश राम ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि शिवहर जिले के सभी गुरुजनों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का सम्मान है। उन्होंने आयोजक परिवार, डॉ. के.सी. सिन्हा एवं गुरु रहमान के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देते रहेंगे।
नरेश राम की इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि शिवहर जिले की शैक्षणिक प्रतिभा और शिक्षकों की मेहनत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित