पटना , सितम्बर 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को आयोजित विकसित बिहार: नींव से निर्माण तक महामंथन सह लव-कुश प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। प्रोग्रेसिव बुद्धिजीवी एसोसिएशन, बिहार द्वारा आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

श्री चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि लव-कुश समाज की एकता की नींव वर्ष 1994 में रखी गई थी और यह एकता आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि लव-कुश समाज किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि न्याय के साथ आगे बढ़ते हुए बिहार की समृद्धि और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाना चाहता है।

श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 1992-93 में कुर्मी चेतना रैली और कुशवाहा सम्मेलन के बाद 1994 में दोनों समाजों ने मिलकर लव-कुश सम्मेलन का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि इसी सामाजिक एकता ने आगे चलकर राजनीतिक स्वरूप ग्रहण किया और इससे जुड़ी राजनीतिक पार्टियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज विकसित भारत और समृद्ध बिहार की कल्पना को साकार करने का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार की कल्पना की है। इसे साकार करने के लिये सरकार काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित