पटना, अक्टूबर 26 -- बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार ने सोमवार को कहा कि शिक्षक-स्नातक चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा।जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री श्री कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्री कुमार ने कहा कि बिहार विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी आठ सीटों पर मतदाताओं का रुझान राजग के पक्ष में दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राजग समर्थित सभी प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में समाज के सभी वर्गों के लिए काम हुआ है। न्याय के साथ विकास की अवधारणा को जमीन पर उतारकर उन्होंने विकास की एक नई लकीर खींची है और बिहार की तस्वीर बदलने का काम किया है। ऐसे में किसी के अनर्गल बयानबाजी से नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और राजनीतिक कद पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

मंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित