बागपत , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में राज्य मंत्री केपी मलिक ने सोमवार को कहा कि शिक्षक ही समाज का सच्चा पथ प्रदर्शक है। शिक्षा के द्वारा ही राष्ट्र का उत्थान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा यदि शिक्षक बच्चों को किताबी ज्ञान के अलावा सही सामाजिक शिक्षा भी दे तो अपने देश में वृद्धाश्रम की कोई आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने कहा, ऐसी कुरीतियों को रोकने के लिए आज सामाजिक शिक्षा प्रत्येक नागरिक के लिए अति आवश्यक है।
बागपत के बड़ौत नगर में चौधरी केहर सिंह एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह का शुभारंभ महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक महाविद्यालय परिसर में यज्ञ के साथ हुआ। सम्मान समारोह में देश के 18 राज्यों से आये सैकड़ों शिक्षकों को उनके कार्यों को लेकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य मनीषा अहलावत ने कहा शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। शिक्षक के द्वारा ही बच्चों का ज्ञानवर्धन किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि आगरा मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक धीरेंद्र कुमार ने कहा आज अपने रिश्तेदारों पर अभिभावक विश्वास नहीं करते हैं, लेकिन शिक्षक पर विश्वास करते हुए अपने बच्चों को विद्यालय में भेजते हैं। हमें उनके विश्वास पर खरा उतरना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित