गोरखपुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट का पूर्व घोषित मंडलीय धरना मंगलवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर आयोजित किया गया। धरने के बाद संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन संयुक्त शिक्षा निदेशक के प्रतिनिधि विज्ञान प्रगति अधिकारी धनंजय कुमार सिंह को सौंपा।

धरने की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमित कुमार सोनकर ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुभाष विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान जिले की समस्याओं से संबंधित 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता को भी सौंपा गया। दोनों अधिकारियों ने ज्ञापन शासन तक भेजने तथा स्थानीय समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश नायक ने कहा कि पुरानी पेंशन, राजकीयकरण और सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर संघ संघर्ष के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी जायज मांगों की पूर्ति के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने कार्यालयों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षक न तो भ्रष्टाचार करता है और न ही इसे किसी स्तर पर स्वीकार करेगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र ने शिक्षकों से व्यापक एकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आरएन ठकुराई द्वारा स्थापित मूल संगठन उनके सिद्धांतों और आदर्शों पर चलते हुए निरंतर संघर्ष कर रहा है।

प्रदेशीय मंत्री रामबहाल त्रिपाठी ने कहा कि धरने की सफलता संगठन के प्रति शिक्षकों के समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ठकुराई गुट संघर्ष का पर्याय रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित