कवर्धा , सितंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज में उनका स्थान सदैव आदरणीय एवं अग्रणी रहेगा।

मंत्री शर्मा ने कवर्धा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह 2026 में जिले के 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल थे। शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा में पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं है। गुरुजनों से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर उपयोगी होते हैं और विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की। वहां गुरुजनों से पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से मिली सीख आज भी उनके जीवन में उपयोगी है।

समारोह के दौरान उन्होंने अपने शिक्षक जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।

श्री शर्मा ने बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें 50 स्कूलों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि शेष 34 स्कूलों में भी जल्द स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7,500 स्कूलों में बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। लक्ष्य प्रत्येक स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना है।

उप मुख्यमंत्री ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले पहले विद्यार्थी सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत से स्थानीय विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित