चंडीगढ़ , सितंबर 05 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को देशभर के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्री संधवां ने अपने संदेश में कहा, "शिक्षक विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का मार्ग रोशन करने के साथ उन्हें जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण है और शिक्षक विद्यार्थी के भविष्य को आकार देने में रचनात्मक भूमिका निभाता है।जिस प्रकार माता-पिता के प्रति हमारे ऋण को कभी पूरी तरह नहीं चुकाया जा सकता, उसी प्रकार शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता का ऋण भी चुकाना संभव नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों को सफलता का मार्ग दिखाते हैं और उनके जीवन में आगे बढ़ने का आधार तैयार करते हैं।"विधानसभा अध्यक्ष ने शिक्षक दिवस के अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

श्री संधवां ने आज राज्य और राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किए गए शिक्षकों को भी विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में शिक्षकों के लिए विशेष अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट आयोजित की गयी हैं, ताकि वे दुनिया की उन्नत शिक्षा प्रणालियों का प्रत्यक्ष अध्ययन कर उनकी बेहतर कार्यप्रणालियों को पंजाब के स्कूलों में लागू कर सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिले, ताकि वे सक्षम, जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बनकर देश की प्रगति में योगदान दे सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित