चंडीगढ़ , सितंबर 04 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को बताया कि पंजाब सरकार शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित करेगी।
श्री बैंस ने बताया कि सम्मान के लिए चयनित 75 शिक्षकों में 55 राज्य शिक्षक पुरस्कार, 10 युवा शिक्षक पुरस्कार, चार विशेष शिक्षक पुरस्कार और छह प्रशासनिक पुरस्कार के लिए चुने गये हैं। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार नीति के तहत पारदर्शी और योग्यता आधारित प्रक्रिया से किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक पंजाब की शिक्षा व्यवस्था की नींव हैं और उनके परिश्रम एवं समर्पण ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। उन्होंने पुरस्कार के लिए चयनित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार शिक्षकों के योगदान को मान्यता देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री बैंस ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत के कारण पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिली हैं। नीति आयोग ने पंजाब को 2026-27 में कक्षा शिक्षण के सीखने के परिणामों के मामले में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य माना है। इसके अलावा, भारत सरकार के परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण-2024 में भी पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देना है और शिक्षकों के निरंतर प्रयास पंजाब के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित