अमृतसर , जून 02 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव तलवंडी मलोवाल निवासी सरकारी स्कूल शिक्षक जगदीप सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या की कड़ी निंदा करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
जत्थेदार गड़गज्ज ने मंगलवार को कहा कि जगदीप सिंह एक होनहार गुरसिख और समर्पित शिक्षक थे, जो सरकारी स्कूल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने बताया कि जगदीप सिंह उनके साथ स्कूल में पढ़े थे और बेहद प्रतिभाशाली व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा और योग्य व्यक्ति का असमय निधन पंजाब और सिख पंथ के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंता का विषय है कि प्रतिभाशाली युवा राज्य के भीतर ही अपराध का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की कि जगदीप सिंह के हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि हत्या मामले की जांच में पुलिस द्वारा ढिलाई बरते जाने की सूचनाएं मिल रही हैं, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने अकाल पुरख से अरदास करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह थाना तरसिक्का के अंतर्गत नारायणगढ़ गांव के निकट अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने सरकारी स्कूल शिक्षक जगदीप सिंह की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। वह गांव तलवंडी मलोवाल के निवासी थे और गेहरी मंडी, जंडियाला गुरु स्थित एक सरकारी स्कूल में कला एवं शिल्प (आर्ट एंड क्राफ्ट) शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, शिक्षक जगदीप कल सुबह अपनी 15 वर्षीय बेटी कोमलदीप कौर को ट्यूशन सेंटर छोड़ने गए थे। बेटी को ट्यूशन छोड़कर घर लौटते समय रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन पर गहरे घाव लगे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त बलजीत सिंह ने मंगलवार को बताया कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। लूटपाट और व्यक्तिगत रंजिश सहित विभिन्न संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) के जिला प्रधान अश्विनी अवस्थी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि जगदीप सिंह एक ईमानदार, मेहनती और समर्पित शिक्षक थे। वह अपनी बेटी को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत रहते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित