हरदोई , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात एक सहायक अध्यापक के बैंक खातों से 1.86 लाख रुपये से अधिक की धनराशि निकाल ली। पुलिस ने मामले में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के निवासी बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात सहायक अध्यापक कुलदीप पाण्डेय ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ शहर कोतवाली में भी तहरीर दी है। शिकायत के अनुसार दो अगस्त को दोपहर 12:47 बजे उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से यूपीआई के माध्यम से 97,888 रुपये गुरमेज सिंह नामक व्यक्ति की यूपीआई आईडी पर स्थानांतरित कर दिए गए। इसके अगले दिन जाधव प्रशांत सुभाष नामक खाताधारक की ओर से उनके खाते में एक-एक हजार रुपये की दो किश्तें भेजी गईं, जिसके बाद 90 हजार रुपये प्रतापगढ़ स्थित लीलापुर शाखा में उनके दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

पीड़ित शिक्षक के अनुसार इसके बाद तीन अलग-अलग लेनदेन में 15,119 रुपये, 35,244 रुपये और 38,111 रुपये, कुल 88,474 रुपये मोहम्मद औरशद खान की यूपीआई आईडी पर भेज दिए गए। इस प्रकार उनके खातों से कुल 1,86,362 रुपये की धनराशि निकल गई।

शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुरमेज सिंह सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संबंधित यूपीआई आईडी, बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा साइबर सेल की सहायता से धनराशि के प्रवाह और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित