कपूरथला , अगस्त 19 -- पंजाब में कपूरथला के शेखू पुरा स्थित सरकारी हाई स्कूल में बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने लोकप्रिय शिक्षक के तबादले को रद्द करने के साथ-साथ स्कूल परिसर में बाथरूम के पास से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि संबंधित शिक्षक छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और पढ़ाई तथा शैक्षणिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके तबादले से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। छात्रों ने प्रशासन से तबादला रद्द कर शिक्षक को स्कूल में ही बनाये रखने की मांग की। छात्रों ने स्कूल परिसर में सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंता भी उठायी। उनका कहना था कि बाथरूम के समीप से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को खतरा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि इन तारों को स्कूल परिसर से बाहर या किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाये।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डीएसपी सब-डिवीजन शीतल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों और उनके अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस उपाधीक्षक ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा और समस्याओं का जल्द समाधान कराने के प्रयास किये जाएंगे।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी स्कूल पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। नेताओं ने शिक्षक के तबादले पर पुनर्विचार करने तथा हाई-वोल्टेज बिजली तारों को लेकर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता और संबंधित विभागों को बिना देरी आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत और पुलिस उपाधीक्षक शीतल सिंह के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद स्कूल का मुख्य गेट खोल दिया गया और कक्षाएं सामान्य रूप से शुरू हो गयी। डीएसपी ने इस दौरान स्कूल प्रशासन, छात्रों और अभिभावकों की बात भी सुनी। संवाद के माध्यम से स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर लिया गया। अब छात्रों की शिक्षक के तबादले और हाई-वोल्टेज बिजली तारों से जुड़ी मांगों पर संबंधित विभागों और वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर है।
घटना ने जहां छात्रों की शैक्षणिक चिंताओं को सामने रखा है, वहीं स्कूल परिसर में हाई-वोल्टेज बिजली तारों की मौजूदगी से जुड़ा सुरक्षा मुद्दा भी उजागर किया है। छात्र और अभिभावक अब प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित